गढ़वा का तापमान 42.5 डिग्री पर, आज और कल हल्की बारिश के आसार

गर्म हवाएं उमस और पारा 42 डिग्री से अधिक... यह गढ़वा के मौसम का हाल है। बुधवार को जिले का तापमान 42.5 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया। बीते वर्ष की तुलना में इस वर्ष मई का तापमान लगभग तीन डिग्री कम है। क्योंकि पिछले साल 2019 के मई माह का अधिकतम पारा 45.5 डिग्री रहा था। जो अभी लगभग 3 डिग्री घटकर 42 डिग्री से थोड़ा ऊपर आ गया है। लेकिन उमस के कारण लोग गर्मी सहन नहीं कर पा रहे हैं। साथ ही गर्म हवा के थपेड़े उन्हें लोगों को खूब सता रही है। कृषि विज्ञान केंद्र के सियाराम पांडेय के अनुसार गुरुवार व शुक्रवार को हल्की बारिश होने की संभावना है। बारिश होने पर तापमान में एक डिग्री सेंटीग्रेड घटने की संभावना है। लेकिन शनिवार को पुनः गर्मी बढ़ेगी। अनुमान है कि 20 जून के बाद मॉनसून दस्तक देगा। इसके बाद ही गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

इधर तीखी धूप के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है। ऐसी स्थिति में लोग तेज धूप से आंखों को बचाने व सुकून प्रदान करने के लिए सन ग्लासेस के साथ टोपी कॉटन के कपड़े व चेहरे को सूरज की आग से झुलसने से बचाने के लिए छाते का सहारा ले रहे हैं। वहीं जिले में बढ़ी गर्मी में कुम्हारों द्वारा निर्मित देसी फ्रिज घड़ा व सुराही की मांग बढ़ गई है। लेकिन इस बार लॉक डाउन की वजह से देसी फ्रिज की बिक्री प्रभावित हुई है। हालांकि शहर के गोविंद उच्च विद्यालय के मैदान, चिनिया मोड़, बाजार समिति सहित अन्य कई जगहों पर कुम्हारों द्वारा निर्मित देसी फ्रिज घड़ा वा सुराही की बिक्री की जा रही है। इस बार घड़ा 50 से 150 रुपए और सुराही 100 से 150 रुपए प्रति पीस बिक रही है। इधर जिले में बढ़ी गर्मी से राहत पाने के लिए पंखा व कूलर लोगों की जरूरत बन गई है। हालांकि लॉक डाउन के कारण इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान बंद होने की वजह से कूलर व पंखा की खरीदारी करने में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।लेकिन दुकानदार भी इन उपकरणों की डिमांड को देखते हुए होम डिलीवरी की सुविधा देने से पीछे नहीं हट रहे हैं।
40 डिग्री के पास रहेगा पारा
इस संबंध में कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ अशोक कुमार ने कहा कि सब्जी वाले खेतों में समुचित नमी बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार सिंचाई करते रहें। साथ ही सिंचाई के पहले खरपतवार अवश्य नियंत्रित करें। दिन का तापमान 40 डिग्री सेंटीग्रेड के आसपास बने रहने की संभावना है। अतः विभिन्न पालतू जानवरों को धूप व गर्मी से बचा कर रखें। साथ ही जानवरों के घर के खिड़कियों को दिन में जूट के बोरे से ढक दें। वहीं इन बोरों को पानी से भिगोते रहे। जिससे ठंडी हवा का प्रवेश अंदर हो सके।

ताकि जानवरों को राहत मिल सके। साथ ही साथ पशुओं को स्वच्छ एवं पर्याप्त मात्रा में पीने का पानी दे। अगर संभव हो तो पानी में विटामिन बी कॉम्प्लेक्स मिला दे। उन्होंने कहा कि मिट्टी में उपयुक्त नमी रहने पर रोपा धान के खेत की मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ाने के लिए किसान भाई हरी खाद वाली फसल जैसे सनई व सिसवनिया आदि की बोआई करें।
बढ़ती गर्मी में शीतल पेय की मांग बढ़ी, शरबत और जूस खूब बिक रहे
गढ़वा में बढ़ती गर्मी के साथ ही शीतल पेय पदार्थों व मौसमी फलों की मांग तेज हो गई है। शहर के चौक चौराहों बाजारों व सड़कों पर सॉफ्ट ड्रिंक्स, मौसमी फलों व खीरा ककड़ी आदि की दुकानें व स्टॉल लगी हुई हैं। जहां ज्यादातर तरबूज, नींबू -पानी, दही लस्सी सत्तू शरबत, आम,का जूस, मिनरल वाटर, विभिन्न ब्रांड के कोल्ड ड्रिंक्स की बिक्री बढ़ गई है। लोग अपनी पसंद के अनुसार धूप व गर्मी से राहत पाने के लिए इन सब चीजों का सेवन कर रहे हैं।
आज गर्मी से मिल सकती है राहत
अगले कुछ दिनों तक आकाश में बादल रहेंगे। साथ ही तेज हवा के साथ कहीं-कहीं छिटपुट वर्षा की भी संभावना है। दिन का तापमान 39 व 42 डिग्री सेंटीग्रेड के बीच रहने की संभावना है। ग्रामीण कृषि मौसम सेवा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार गुरुवार को एक मिली मीटर बारिश होने की संभावना है। जबकि अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेंटीग्रेड व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेंटीग्रेड रहने की संभावना है। वहीं शुक्रवार को दो मिलीमीटर बारिश होने की संभावना है। वहीं अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेंटीग्रेड व न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेंटीग्रेड रहने की संभावना है। शनिवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेंटीग्रेड व न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेंटीग्रेड तथा रविवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेंटीग्रेड व न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेंटीग्रेड रहने की संभावना है। वही इस दिन भी एक एमएम बारिश होने की उम्मीद है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Garhwa's temperature at 42.5 degree, light rain expected today and tomorrow


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2AbtJSy

Comments