कांडी के जवान की रांची में तबीयत बिगड़ी, रिम्स में मौत

सरकोनी पंचायत स्थित डेमा गांव के सतबहिनी टोला निवासी सरयू राम के पुत्र अमृत राम 35 वर्ष की आकस्मिक मौत हो गई। वह झारखंड आर्म्ड पुलिस - जैप का जवान था। जो टाटीसिलवे में पदस्थापित था। वहीं पर अचानक उसकी तबीयत बहुत ज्यादा खराब हो गई। जिसे इलाज के लिए रांची ले जाया गया।वहां उसे रिम्स में भर्ती कराया गया। रिम्स में इलाज के दौरान ही बुधवार 27 मई की अहले सुबह अमृत राम की मौत हो गयी। जैप सूत्रों ने कहा कि चार दिन पहले ड्यूटी के दौरान ही अमृत की तबीयत ज्यादा खराब हो गयी थी। गंभीर स्थिति में पुलिस पदाधिकारियों ने उसे रिम्स में भर्ती कराया था।

वह वर्ष 2007 में जैप के जवान के रूप में भर्ती हुआ था। वह अपने माता - पिता का इकलौता पुत्र था। इस आकस्मिक मौत से गांव घर में शोक की लहर व्याप्त है।सरकोनी पंचायत की मुखिया मीना देवी के प्रतिनिधि अरुण सिंह ने मृतक के घर पहुंच कर परिजनों को हिम्मत से काम लेने की बात कही। वहीं सतबहिनी झरना धार्मिक न्यास बोर्ड के कार्यकारी अध्यक्ष अजय सिंह ने भी अमृत की आकस्मिक मौत पर शोक व्यक्त किया है। अपने इकलौते बेटे की मौत पर मां का रो रो कर बुरा हाल था। उधर पत्नी भी रोते रोते बार बार बेहोश हो रही थी। मृतक अपने पीछे पत्नी सरिता देवी व दो पुत्र अमरकांत 11 वर्ष व नितिनकान्त पांच वर्ष को छोड़ गया है। मृतक का शव गांव लाया जा रहा है। गुरुवार सुबह तक उसके घर पहुंचने की उम्मीद है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3dbhmEn

Comments