भारतीय संस्कृति की आत्मा है हिंदी : अभय

शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास जमशेदपुर, जेकेएम कॉलेज सालबनी व उन्नत भारत अभियान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हिंदी पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार काे ऑनलाइन वेबिनार का आयोजन किया गया। इस आयोजन में “हिंदी भाषा में सुरक्षित है भारत की सभ्यता और संस्कृति” विषय पर वक्ताओं ने अपने विचार वयक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के अभय सामंत ने बताया कि आज हिंदी भाषा को व्यवहार में लाने की जरूरत है। हमारे देश की सभ्यता हिंदी भाषा में ही अपनी बात करती है।

कार्यक्रम के अतिथि जे के शैक्षणिक संस्थान के सचिव सह संस्थापक डॉ यामिनी कांत महतो ने बताया कि विदेशों में भी हिंदी की पैठ है और नये नये शब्दों के आगमन से हिंदी दिन प्रति दिन समृद्ध हो रही है। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता काेल्हान विवि के संस्कृत विवि की पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ रागिनी भूषण ने अपने विचार रखते हुए बताया कि हिंदी दिवस मनाने की सार्थकता आज भी है। क्योंकि यह सिर्फ विषय नहीं बल्कि हमारी पहचान है और हमारा स्वाभिमान है। वहीं एनआईटी के प्राे बी एन प्रसाद ने बताया कि हिंदी साहित्यकारों को स्मरण करना एक पुनीत कर्म है। तकनीकी युग में भी हिंदी का प्रयोग और हिंदी का व्यवहार बना रहे इसका प्रयास करना बहुत ही आवश्यक है। विषय प्रवेश कराते हुए एनआईटी जमशेदपुर के डॉ रंजीत प्रसाद ने बताया कि हिंदी के गौरव और उसके प्रताप को स्मरण करने के लिए और उसके प्रति अपना सम्मान प्रदर्शित करने के लिए हम हिंदी पखवाड़ा का आयोजन कर रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन डॉ कल्याणी कबीर ने किया। अतिथियों का परिचय डॉ कविता परमार ने दिया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/30sNhfx

Comments