सरकार का अनलॉक 5 में चरणबद्ध छूट जारी, रोज 40 जमीन-फ्लैट निबंधन की सीमा खत्म, आज से आवेदन देते ही रजिस्ट्री

दीपावली से पहले राज्य सरकार ने जमीन-फ्लैट खरीदने वालों काे बड़ी राहत दी है। एक दिन में 40 डीड की रजिस्ट्री की बाध्यता खत्म कर दी है। राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग ने राजस्व बढ़ाने के लिए यह निर्णय लिया है। निबंधन महानिरीक्षक विप्रा भाल ने बुधवार काे इससे संबंधित निर्देश जारी कर दिया है। सभी जिले के डीसी सह जिला निबंधक काे भेजे पत्र में उन्होंने कहा है कि एक दिन में मात्र 40 दस्तावेजों की सीमा तय हाेने से कई लोग निबंधन कराने से वंचित रह जा रहे हैं।

लक्ष्य के अनुरूप राजस्व भी नहीं मिल रहा है। इसलिए रोज 40 दस्तावेज के निबंधन हेतु अप्वाइमेंट देने की सीमा खत्म की जाती है। यानी अब एक दिन में जितने भी जमीन-फ्लैट के खरीदार निबंधन कार्यालय आएंगे सभी के डीड की रजिस्ट्री हाेगी। रांची के सबरजिस्ट्रार अविनाश कुमार ने बताया कि लोगों को काेविड-19 के नियमाें का पालन करना हाेगा।

पर आफत... निगम से नहीं मिल रहा हाेल्डिंग नंबर

40 डीड की बाध्यता तो खत्म कर दी गई है, लेकिन सच्चाई यह है कि रांची के ग्रामीण कार्यालय काे छाेड़कर किसी भी कार्यालय में राेजाना 40 डीड का आंकड़ा नहीं पहुंचता। क्योंकि ढाई माह से रांची नगर निगम जमीन-मकान का हाेल्डिंग नंबर जारी नहीं कर रहा है। हाेल्डिंग नंबर नहीं मिलने से 50 फीसदी रजिस्ट्री कम हो गई है। निगम ने हाेल्डिंग नंबर देने के लिए श्री पब्लिकेशन कंपनी के साथ एग्रीमेंट किया है। 10 दिन में कंपनी ने मात्र 3 हाेल्डिंग नंबर जारी किया है।

उपचुनाव के बाद तय होगा छूट का स्वरूप

रांची| झारखंड सरकार ने अनलॉक-5 में सुरक्षात्मक दृष्टि से कई क्षेत्र बंद रखे हैं। केंद्र सरकार ने भी स्पष्ट किया है कि 30 नवंबर तक के लिए वही गाइडलाइन प्रभावी होगी, जो 30 सितंबर को जारी हुई थी। लेकिन, झारखंड सरकार अब दीपावली और छठ को लेकर नई गाइडलाइन जारी करेगी। खासकर धनतेरस की खरीदारी और छठ के लिए डैम, छोटे-बड़े तालाबों पर अर्घ्य देने को नई गाइडलाइन जारी होगी। हालांकि इसका स्वरूप क्या होगा, छठ पर कितनी छूट मिलेगी, यह दुमका-बेरमो उपचुनाव के बाद तय होगा। सरकार के शीर्ष स्तर पर नई गाइडलाइन-एसओपी जारी करने पर सहमति है।

कोरोना संक्रमण कम होने से सरकार बढ़ा रही है छूट

झारखण्ड सरकार कोरोना का संक्रमण कम होने से धीरे-धीरे छूट बढ़ा रही है। राहत की खबर है कि लगातार कोरोना राज्य में कमजोर हो रहा है। बुधवार को राज्य में 345 कोरोना पॉजिटिव मिले, जबकि 452 मरीज ठीक हुए। इसमें रांची से 102 मरीज हैं। इसके साथ ही राज्य में अब तक 94326 मरीज ठीक हो चुके हैं। फिलहाल केंद्र सरकार द्वारा अनलॉक-5 की छूट झारखंड में पूरी तरह लागू नहीं है। हालांकि धर्मस्थल सशर्त खोल दिए गए हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
फाइल फोटो


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/31TLG2P

Comments