जमशेदपुर की बेटी शिल्पा राव का अलबम ‘लव लेटर्स’ प्रतिष्ठित ग्रैमी अवॉर्ड में नोमिनेट, अनुष्का शंकर के साथ मिलकर बनाया गाना

इस साल फरवरी में जब शिल्पा राव को फिल्म ‘वॉर’ के गाने घुंघरू...के लिए बेस्ट सिंगर का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला, उसी समय वह लंदन में प्रसिद्ध सितार वादक अनुष्का शंकर के साथ अलबम ‘लव लेटर्स’ का गाना ‘दोज वर्ड्स...यादें’ रिकॉर्ड कर रही थीं। अब इस अलबम को दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित म्यूजिक अवॉर्ड ‘ग्रैमी अवॉर्ड’ के कैटेगरी ‘बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक अलबम’ में नोमिनेशन मिला है।

जमशेदपुर की शिल्पा राव झारखंड की ऐसी पहली शख्स होंगी, जो जनवरी-21 में होने वाले ग्रैमी के रेड कार्पेट में शिरकत करेंगी। 63वें ग्रैमी अवॉर्ड का आयोजन लॉस एंजेलिस में होगा। फिल्मफेयर के अलावा शिल्पा को ‘बचना ए हसीनों’ के गाने खुदा जाने... के लिए स्क्रीन अवॉर्ड भी मिल चुका है। शिल्पा के पिता एस वेंकटराव जमशेदपुर में टाटा मोटर्स में एजीएम थे और मां शामला झारखंड इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड में काम करती थीं।

नोमिनेशन की खबर सबसे पहले जमशेदपुर प्रिंसिपल को दी

शिल्पा कहती हैं कि जैसे ही ग्रैमी की खबर आई, सबसे पहले अपने लोयला स्कूल, जमशेदपुर के प्रिंसिपल फादर पायस फर्नांडिस को दी। 13 साल लंबे बॉलीवुड करियर में इस नोमिनेशन को मैं अपने करियर का माइलस्टोन मानती हूं। मेरे पिता एस वेंकट राव मेरे पहले संगीत गुरु हैं।

मां शामला ने हमेशा प्रोत्साहित किया। 2007 में पहली बार फिल्म ‘अनवर’ के लिए तोसे नैना लागे...गाया था, जो काफी मशहूर हुआ। मैंने हरिहरण, उस्ताद गुलाम मुस्तफा खां साहब से भी संगीत सीखा है। सच कहूं जो इनसे जो सीखा, वही इस अलबम में गाया है। सब इन्हीं गुरुओं का आशीर्वाद है।

तुम्हारी आवाज में कशिश है: अनुष्का

पिछले साल शिल्पा राव लंदन गई थीं, तो प्रसिद्ध सितार वादक पं. रविशंकर की बेटी अनुष्का शंकर से मुलाकात हुई। अनुष्का शंकर ने शिल्पा के गाने सुने तो कहा तुम्हारी आवाज में गजब कशिश है, हम साथ जरूर काम करेंगे। फिर इस साल फरवरी मेंं उनके म्यूजिक डायरेक्शन में लव लेटर्स अलबम में गाने का मौका मिला।

खास बात यह है कि इस गाने की संगीतकार, गीतकार, गायिका, वादक, टेक्नीशियंस सभी महिलाएं ही हैं। कहती हैं- जो हमारा शास्त्रीय संगीत है, फोक म्यूजिक है, वह सबसे खास है। मैं भारतीय युवाओं से यही कहना चाहूंगी कि दुनिया में सबसे ज्यादा कूल म्यूजिक हमारा शास्त्रीय संगीत है, सबसे ज्यादा प्रोग्रेसिव (प्रगतिशील) भी। इससे दूर नहीं भागें। इसे सुनिए, सीखिए और गर्व से गाइए।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
इस साल का फिल्मफेयर बेस्ट सिंगर अवॉर्ड शिल्पा को फिल्म ‘वॉर’ के गाने घुंघरू के लिए मिला


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/39o6SCS

Comments