वाटर फिल्टर की मशीन में फंसने से एक बच्चे की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

पेयजल स्वच्छता विभाग द्वारा संचालित सालहन वाटर फिल्टर प्लांट की ब्रीज मशीन में फंसकर शनिवार की सुबह 7 बजे के करीब 5 वर्ष के कुणाल महतो की मौत हो गई। वहीं, साढ़े पांच साल का आदर्श राज गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, शिक्षाविद डॉ. रिझू नायक, शिबू मुंडा और रामसाय मुंडा घटनास्थल पहुंचे। गाड़ी की व्यवस्था कराकर दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

रास्ते में ही कुणाल ने दम तोड़ दिया। पेयजल स्वच्छता विभाग के सहायक अभियंता मोहनलाल मंडल और कनीय अभियंता विजय पासवान भी घटनास्थल पहुंचे। घटना की जानकारी ली। कहा कि घटना की जांच की जा रही है। कनीय अभियंता ने बताया कि सालहन वाटर प्लांट का संचालन निर्माता एजेंसी श्यान इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट प्रा. लि. द्वारा किया जा रहा है। दो साल तक एजेंसी को ही कार्य कराने का कांट्रेक्ट है।

कुणाल चिल्ला रहा था- मां मुझे बचा लो

ब्रीज मशीन में कुणाल का कमर के नीचे का भाग फंसा था। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों ने निकाला। कुणाल बोल रहा था मां मुझे बचा लो। अब मोबाइल कौन चार्ज कराएगा। अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। आदर्श का दायां पैर कट गया है।

पिता से सीखा था प्लांट का स्वीच ऑन करना

प्लांट में गुड्डू सिंह व अमर महतो काम करते हैं। गुड्डू सिंह परिवार के साथ प्लांट में रहता है। सुबह में दोनों लीकेज पाइप बनाने गए थे। इसी बीच गुड्डू सिंह का पुत्र आदर्श दोस्त कुणाल महतो के साथ मशीन के पास खेल रहा था। आदर्श पिता से प्लांट चलाना सीखा था। आदर्श ने स्विच ऑन कर दिया, जिसमें कुणाल फंस गया। बचाने में वह भी फंस गया। शोर सुनकर मां ने स्विच बंद किया।

दो सप्ताह से नहीं थी लाइट, कुणाल मोबाइल चार्ज करने जाता प्लांट

सालहन गांव के पतराटोली में दो सप्ताह से ट्रांसफाॅर्मर जला हुआ था। मृतक कुणाल महतो पतराटोली के रहनेवाले लालमोहन महतो का नाती था। इसके पिता अनिल महतो सरईटोली महिलौंग में दूसरी पत्नी के साथ रहता था। कुणाल अपनी माता रूबी देवी के साथ नाना के यहां रह रहा था। दो सप्ताह से बिजली नहीं होने के कारण कुणाल प्रतिदिन अपनी मां का मोबाइल चार्ज कराने प्लांट जाता था।

मोबाइल चार्ज होने पर वह मोबाइल लेकर अपने घर लौटता था। इस दौरान वह आदर्श राज के साथ खेलता रहता था। कुणाल का पिछले 15 दिनों का यह रूटीन बन गया था। शनिवार को भी वह आदर्श के साथ खेल रहा था। खेलने के क्रम में ही घटना घट गई।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
नानी के घर में रह रहा था कुणाल, मौत के बाद घर में छाया मातम।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2BzEI9o

Comments