10 दिनों में 2115 लोग संक्रमित, 29 दिनों में बनाने पड़े 1014 कंटेनमेंट जोन

राजधानी में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। जुलाई की तुलना में अगस्त और डरा रहा है। स्थिति यह है कि इस महीने के पिछले 10 दिनों में 2115 लोग संक्रमित हो चुके हैं। यानी हर दिन 211 नए मामले सामने आ रहे हैं। यही वजह है कि रांची जिले में कंटेनमेंट जोन की संख्या भी काफी तेजी से बढ़ रही है।

औसतन करीब 35 कंटेनमेंट जोन हर दिन बनाने पड़ रहे हैं। वर्तमान में 1465 कंटेनमेंट जोन रांची जिला में हैं। जबकि, अब तक कुल 1887 कंटेनमेंट जोन बनाए गए। इसमें 422 कंटेनमेंट जोन हटाए गए। कोरोना संक्रमितों की रफ्तार इससे भी समझी जा सकती है कि 28 जुलाई तक रांची जिला में कुल 573 कंटेनमेंट जोन बनाए गए थे।

इसमें से 122 को डि-नोटिफाई किया गया था। जबकि, 451 कंटेनमेंट जोन एक्टिव थे। लेकिन 26 अगस्त तक इसकी संख्या 1465 हो गई। मतलब 29 दिनों में ही 1014 कंटेनमेंट जोन बनाने पड़ गए। ऐसे समझें... क्या है कंटेनमेंट जोन जब किसी घर या अपार्टमेंट में कोई व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया जाता है, तो उसे सील कर दिया जाता है। इन जगहों पर लोगों को आवाजाही की इजाजत नहीं होती। संक्रमित व्यक्ति के निवास स्थान के चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी जाती है। वहां केवल आवश्यक सेवाओं की अनुमति होती है।

कोरोना अनलॉक... तेजी से बढ़ रही संख्या

अप्रैल माह के 9 तारीख को रांची का पहला कंटेनमेंट जोन हिंदपीढ़ी को जिला प्रशासन ने घोषित किया था। जून माह में अनलॉक की घोषणा के साथ ही इसकी संख्या तेजी से बढ़ी। जून माह में कुल 34 माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए गए थे। जुलाई माह की 28 तारीख पहुंचते-पहुंचते यह संख्या 573 पहुंच गई। अगस्त माह में तो इसकी रफ्तार तीन गुणा से भी अधिक हो गई।

कंटेनमेंट जोन का बढ़ना... खतरे की घंटी

रांची में जिस तेजी से कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़ रही है, वह सभी के लिए खतरे की घंटी है। इसके बावजूद बाजार से लेकर मोहल्ले तक में लोगों में कोरोना संक्रमण को लेकर पूर्व में जो डर था, वह खत्म हो गया। इसके कारण कई जगह पर लापरवाही भी दिखने लगी है। लोग बिना माास्क लगाए ही घूमते नजर आते हैं। हालांकि, जिला प्रशासन की ओर से अभियान चलाया जा रहा है।

रांची का रिकवरी रेट 54.70 %

26 अगस्त तक के आंकड़ों के अनुसार अब तक रिम्स व सदर अस्पताल में 85138 लोगों की कोरोना जांच हुई। इसमें 6711 मरीज मिले। इनमें से 3671 ठीक हो चुके हैं। 2894 केस एक्टिव है। जबकि, 56 मरीजों की मौत हो चुकी है। रांची का पॉजिटिविटी रेट 7.88 और रिकवरी रेट 54.70 है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
रांची में बैरिकेडिंग लगाकर सील किया गया एक घर।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ELv18M

Comments