खरकई का जलस्तर खतरे के निशान से तीन फीट ऊपर बागबेड़ा और शास्त्रीनगर के 240 घरों में घुसा पानी

शहर व आसपास रुक-रुककर हाे रही बारिश से खरकई व सुवर्णरेखा नदी के जलस्तर में भारी इजाफा हुआ है। ओडिशा के व्यांगबिल डैम का एक फाटक डेढ़ मीटर खोले जाने से खरकई का जलस्तर बुधवार शाम को खतरे के निशान काे पार कर गया। इधर बागबेड़ा के 40 व कदमा शास्त्रीनगर में 200 घरों में बाढ़ का पानी घुस गया।कदमा में खरकई का जलस्तर 132.30 फीट रिकॉर्ड किया, जाे डेंजर लेवल से 3 फीट अधिक है।

वहीं, सुवर्णरेखा नदी का वाटर लेवल 119.44 मीटर पहुंचा। हालांकि यह डेंजर लेवल से डेढ़ मीटर नीचे है। वहीं, जुगसलाई, कदमा शास्त्रीनगर व निचले इलाकाें में बाढ़ का खतरा है। प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने का निर्देश दिया है। उधर, देर शाम चांडिल डैम के दो रेडियल गेट डेढ़-डेढ़ मीटर खोले गए। सुवर्णरेखा परियोजना के मुख्य अभियंता वीरेंद्र कुमार राम ने कहा कि व्यांगबिल डैम के एक फाटक से 44 कयूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

रात 8 बजे के बाद शास्त्रीनगर में घुसा पानी, लोगों ने सामान के साथ घर छोड़ा

खरकई नदी के जलस्तर बढ़ने के बाद रात 8 बजे के बाद कदमा के शास्त्रीनगर इलाके के लगभग 200 घरों में पानी घुस गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक शाम के वक्त नदी का पानी थोड़ा कम था। लेकिन रात को 8 बजे के बाद से अचानक नदी का पानी ऊफान मारने लगा। देखते ही देखते घरों में पानी घुसने लगा। लोग घरों का सामान निकालने लगे। कई लोगों ने ऊपरी इलाके के घरों में शरण ली, तो कुछ ने खुले मैदान में सामान के साथ रात गुजारी। खरकई नदी के जलस्तर में रात 11 बजे तक तेजी से वृद्धि जारी रही।

शहर में मंगलवार देर रात से बुधवार रात तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। इस दौरान 89 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।

लगातार बारिश से बिरसानगर नाले का पानी आसपास के घरों व बिरसानगर राजकीय उच्च विद्यालय में घुस गया। कंप्यूटर-डेस्क पानी में तैरने लगे हैं। प्रभारी प्राचार्या प्रिया कुजूर ने डीईओ को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी है।

जुगसलाई... गरीब नवाज काॅलोनी में पानी

जुगसलाई गरीब नवाज काॅलोनी के 20 घरों में शाम सात बजे नदी का पानी घुस गया। वहीं मस्जिद से कालोनी के लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई। प्रभावित परिवार कब्रिस्तान हाॅल में सामान के साथ शरण लिए हुए हैं।

बागबेड़ा... नया बस्ती के लोगों ने स्कूल में ली शरण

बागबेड़ा नया बस्ती के 40 घरों मे पानी घुस गया है। शाम पांच बजे के बाद घरों में पानी घुसना शुरू हुअा। लाेगाें ने पास के स्कूल में शरण ली है। जिला प्रशासन ने स्कूलाें में अस्थाई शिविर बनाया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Water level in Kharkai three feet above the danger mark, water entered in 240 houses in Bagbeda and Shastri Nagar


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/31yFw8J

Comments