निचितपुर गोलीकांड में दो केस दर्ज 6 भेजे गए जेल, प्रोजेक्ट में कड़ा पहरा

सिजुआ क्षेत्र की निचितपुर कोलियरी में संचालिक डेको आउटसोर्सिंग में वर्चस्व को लेकर हुए खूनी संघर्ष में छह लोगों की गिरफ्तारी हुई है। लोयाबाद पुलिस ने तीन और ईस्ट बसुरिया पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लोयाबाद पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी युवराज पाठक, रवि राय और गुलाम रसूल और ईस्ट बसुरिया पुलिस अमर केसरी, रमेश बाउरी और विकास कुमार बाउरी को मंगलवार को जेल भेज दिया। सभी आरोपियों को सोमवार को मौके से दबोचा गया था। गोलीकांड में लोयाबाद व ईस्ट बसुरिया में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई है। युवराज पाठक, रवि राय और गुलाम रसूल के खिलाफ दोनों थानों में नामजद प्राथमिकी दर्ज हुई है।

इधर आउटसोर्सिंग स्थल अभी भी पुलिस छावनी में तब्दील है। कई थानों के पुलिस पदाधिकारी के अलावा जवान कैंप कर रहे हैं। पैच में पूरी तरह से सन्नाटा है। पुलिस ने पूरे परियोजना स्थल का ड्रोन कैमरे से निगरानी किया। पुलिस ने छानबीन के बाद कई लोगों को थाने से ही छोड़ दिया। मालूम हो कि सोमवार को नियोजन सहित अन्य मांगों के समर्थन में धरना देने जा रहे जमसं समर्थक और कंपनी के मजदूरों के बीच जमकर संघर्ष हुआ था। दोनों तरफ से जमकर गोली- बम चले। एक दर्जन से अधिक लोग जख्मी हो गए। चार लोगों को गोली लगने की बात कही जा रही है। पुलिस के द्वारा सख्ती किये जाने के बाद लोग शांत हुए।

ओपी प्रभारी के बयान पर 18 नामजद समेत कई के खिलाफ प्राथमिकी

ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र अंतर्गत निचितपुर डेको आउटसोर्सिंग में संघर्ष मामले में ओपी प्रभारी शमशेर आलम के फर्दबयान पर युवराज पाठक, रवि कुमार राय, गुलाम रसूल, अनिल सिंह, संजीत सिंह, सुधीर सिंह, बंटी राय, नेपाल उर्फ नेपाल उर्फ शुभम, रवि चौहान, अमर केसरी, रमेश बाउरी, विकास कुमार बाउरी, शिबलू खां, गौतम कुमार, डबलू आलम, रामा सिंह, मिथुन, विकास सहित अन्य के खिलाफ मारपीट, जानलेवा हमला, विस्फोटक अधिनियम, सरकारी काम में बाधा डालने, आर्म्स एक्ट, दंगा फैलाने की प्राथमिकी दर्ज की गई है।

लोयाबाद थाने में आर्म्स एक्ट में केस
वहीं लोयाबाद थानेदार अमित मार्की के फर्दबयान पर बांसजोड़ा से हथियार व बम के साथ गिरफ्तार युवराज पाठक, रवि कुमार व गुलाम रसूल नामक युवक के खिलाफ आषुध अधिनियम व आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

गिरफ्तार आरोपी ने सिजुआ का पता बताया, निकला यूपी का
जेल भेजे गए एक युवक को संदेही शूटर बताया जा रहा है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड का पता लगाया जा रहा है। युवक को बांसजोड़ा से बम-गोली के साथ पकड़ा गया था। वह यूपी का रहने वाला बताया जा रहा है। शुरुआत में वह सिजुआ मोदीडीह का पता पुलिस को बता रहा था। बाद में आई कार्ड से संदेही शूटर का पता उत्तर प्रदेश का निकला।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Two cases lodged in Nichitpur firing 6 sent to jail, vigilant guard in project


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2EpQ6pG

Comments