शहर में खुदकुशी करने का सिलसिला थम नहीं रहा है। बुधवार को दो लोगों ने मामूली बात को लेकर खुदकुशी कर ली। पहली घटना अरगोड़ा थाना क्षेत्र के सेंट्रल अशोका कॉलोनी में हुई। पति-पत्नी के विवाद में विवाहिता ने फंदे से झूलकर खुदकुशी कर ली। वहीं तुपुदाना ओपी क्षेत्र के हरदाग में पत्नी से लड़ाई के बाद पति घर से निकला और बाहर जाकर पेड़ पर फंदा लगाकर जान दे दी।
पति ने कहा...पहले भी खुदकुशी की कोशिश कर चुकी थी, पर बचा लिया
अरगोड़ा थाना क्षेत्र ने सेंट्रल अशोका फेज वन कॉलोनी में रहने वालों कोमल मोदी (23) बुधवार को दिन में फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद अरगोड़ा थाना की पुलिस वहां पहुंची। कोमल मोदी के पति शशिकांत मोदी ने पुलिस को बताया कि बुधवार की दोपहर 1.45 बजे घर में चावल-सब्जी बन गई थी। दाल नहीं बनी थी।
इसको लेकर कोमल से मामूली बहस हुई, इसके बाद कोमल अंदर कमरे में गई और फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। घर के लोग बाहर थे। जब तक वह कमरे के अंदर पहुंचे, तब तक कोमल की मौत हो चुकी थी। शशिकांत ने बताया कि पहले भी एक बार कोमल ने खुदकुशी करने की कोशिश की थी, लेकिन उन्होंने बचा लिया था। कोमल को एक दो साल का बच्चा है। दोनों की शादी 4 साल पूर्व हुई थी। घर में कोमल पति के अलावा सास के साथ रहती थी।
4 दिनों से पत्नी से चल रहा था झगड़ा, पति ने लगाई फांसी
तुपुदाना ओपी क्षेत्र के हरदाग पंचायत के अम्बाटोली में जाॅर्ज उर्फ मंगरा लकड़ा (30) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार की रात की बताई जा रही है। मृतक जॉर्ज के भाई रोबिन लकड़ा ने बताया कि वह हरदाग में ही एक मोबिल फैक्ट्री में काम करता था। शनिवार को उसकी पत्नी दिल्ली से लौटी थी।
दिल्ली से आने के बाद ही लगातार चार दिनों से दोनों में झगड़े हो रहे थे। इसके बाद से वह बहुत तनाव में था। मंगलवार की रात खाना खाने के बाद टॉर्च लेकर जॉर्ज यह बोलकर निकला कि फैक्ट्री में काम करने जा रहा है। लेकिन उसने घर से कुछ ही दूरी पर एक पेड़ से फंदा लगाकर फांसी लगा ली। बुधवार की सुबह जब स्थानीय लोगों ने देखा तो इसकी जानकारी तुपुदाना ओपी पुलिस को दी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3gsTQUd
Comments
Post a Comment