नामकुम में ससुर से विवाद के बाद दामाद ने जलाई थी बस, अंदर सोए व्यक्ति की हो गई थी मौत

नामकुम थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास सड़क किनारे खड़ी बस में आगजनी मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी नीरज कुमार के अनुसार, आरोपी ने अपने ससुर से विवाद के बाद गुस्से में बस में शनिवार की रात आग लगा दी थी। ससुर इस बस का केयर टेकर था। इस घटना में बस के अंदर नशे की हालत में सो रहे एक शख्स की मौत भी हो गई थी। पुलिस को घटना की सूचना रविवार सुबह मिली थी।

गिरफ्तार आरोपी बस के केयर टेकर जावेद अख्तर का दामाद राजू है। पुलिस पूछताछ में राजू ने आगजनी की घटना में अपनी संलिप्ता स्वीकार कर ली है। आरोपी के अनुसार, उसने अपने ससुर को कुछ पैसे उधार में दिए थे। शनिवार को पैसे वापस मांगने पर जावेद के साथ राजू का विवाद हो गया। इसी विवाद के बाद राजू ने गुस्से में आकर खड़ी बस में आग लगा दी।

रविवार सुबह लोगों ने बस को जली अवस्था में देखा था।

बस के अंदर जले व्यक्ति की पहचान रामजी साव (48) के रूप में की गई थी। वो अक्सर बस में आकर सो जाया करता था। बस बुंडू स्थित एक निजी स्कूल में स्टाफ के लिए चला करती थी। पर लॉकडाउन के बाद से बस यहां खड़ी कर दी गई थी। बस के केयर टेकर जावेद अख्तर का घर घटनास्थल के पास ही है।

इधर, मृतक के परिजनों के अनुसार, रामजी साव अक्सर रात में आकर बस में सोता था। उसका घर घटनास्थल से 500 मीटर दूर है। फिलहाल वो एक होटल में काम कर रहा था। होटल से रामजी साव रविवार शाम 5 बजे ही घर जाने की बात कह निकल गया था।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
व्यक्ति का शव बस की सीट पर मिला था।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3osekBL

Comments