बसिया थाना क्षेत्र के बाघमुंडा जलप्रपात में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। जबकि एक बच्ची की तलाश जारी है। मृत दोनों बच्चे सगे भाई थे। घटना रविवार शाम की है। बाघमुंडा में पिकनिक मनाने के लिए रांची जिले के नामकुम स्थित महुआटोली से पांच परिवार के लोग यहां आए थे। नहाने के दौरान सात बच्चे फॉल में बह गए। स्थानीय लोगों की मदद से चार बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जबकि दो बच्चों का शव बरामद किया गया। वहीं, सोमवार को एनडीआरएफ की टीम फॉल में डूबी एक बच्ची की तलाश जुटी हुई है।
बच्चे बालू की रेत से बने टापू पर नहाने के लिए उतरे थे
मृतकों में अर्पित एक्का (11) और जयकांत एक्का (15) शामिल हैं। जबकि 6 वर्षीय इशिका एक्का की तलाश जारी है। परिजनों ने बताया कि पांचों परिवार के सदस्य यहां रविवार को 10 बजे पहुंचे थे। पिकनिक स्पॉट पहुंचने के बाद परिवार के बड़े सदस्य खाना बनाने की तैयारी में जुट गए। वहीं, साथ गए सभी सात बच्चे घूमने लगे। इसी दौरान बच्चे बालू की रेत से बने टापू पर नहाने के लिए उतरे। तभी पानी का तेज बहाव होने के कारण टापू के साथ ही सभी बच्चे बहने लगे।
इसी दौरान वहां पर मछली पकड़ रहे स्थानीय लोगों ने बच्चों को बहता देख नदी में छलांग लगा दी। चार बच्चे श्रेया एक्का, सजल एक्का व दो अन्य को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, तीन बच्चे इशिका एक्का, अर्पित एक्का व जयकांत एक्का तेज बहाव में बह गए। कुछ देर बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीनों बच्चों को ढूंढ़ना शुरू किया गया तो अर्पित एक्का व जयकांत एक्का का शव मिला।
एसडीपीओ पुलिस बल के साथ पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना के बाद बसिया एसडीपीओ दीपक कुमार पुलिस बल के साथ बाघमुंडा पहुंचे। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम को इसकी जानकारी दी गई। एनडीआरएफ की टीम बाघमुंडा जलप्रपात पहुंची और इशिका की तलाश में जुटी हुई है।
हादसे के बाद परिजनों के बीच कोहराम मच गया। परिजन रो-रोकर बेसुध हो रहे हैं। मृत दोनों बच्चों के पिता जेम्स रांची मुख्यालय स्थित बिजली संचरण निगम के वरीय भंडार पाल के पद पर कार्यरत हैं। जबकि इशिका के पिता गॉडविन तिग्गा आर्मी में हैं। जेम्स ने बताया कि कोरोना काल में काफी दिनों से घर में रह रहे बच्चों ने पिकनिक जाने की इच्छा जाहिर की थी। इसलिए प्लान कर सभी यहां आए थे। मगर उनका तो अब पूरा परिवार ही उजड़ गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2HwYEfM
Comments
Post a Comment