जिस सेवादार ने रांची से लालू यादव की बात कराई, वो झारखंड राजद का महासचिव भी है

​चारा घोटाले में सजा काट रहे लालू यादव झारखंड से बिहार की सियासत चला रहे हैं। दैनिक भास्कर की पड़ताल में सामने आया है कि लालू यादव की बात ललन पासवान की जिस सेवादार ने करायी है, वह झारखंड राजद का महासचिव भी है। सेवादार का नाम इरफान अंसारी है। लालू यादव ने जिन तीन सेवादारों को रखा है वो सेवा से ज्यादा खबरी का काम करते हैं। लालू यादव इन दिनों रांची रिम्स डायरेक्टर के बंगले में इलाजरत हैं। कोरोना से बचाव के लिए उन्हें रिम्स के पेइंग वार्ड से रिम्स डायरेक्टर के बंगले में शिफ्ट किया गया है।

मंगलवार को सुशील मोदी की तरफ से जो नंबर जारी किया गया है वह नंबर लालू के सेवादार इरफान अंसारी का है। इरफान अंसारी को जेल प्रबंधन ने रिम्स डायरेक्टर बंगले में लालू के सेवादार के रूप में रहने की अनुमति दी है लेकिन वह लालू के मैनेजर के तौर पर काम करता है। इरफान अंसारी न केवल लालू यादव की लोगों से बात कराता है बल्कि बाहर से लोगों की सूचनाओं को भी लालू तक पहुंचाता है। लालू का संदेश, चिट्‌ठी बाहर पहुंचाने का काम भी अंसारी देखता है। बिहार चुनाव के दौरान बिहार से आने वाले नेताओं की चिट्ठियों को भी लालू यादव तक पहुंचाते हुए इरफान अंसारी को देखा गया था। लालू यादव कब मिल सकते हैं और किनसे मिल सकते हैं, यह भी इरफान ही तय करता है। झारखंड राजद के अध्यक्ष अभय सिंह ने पुष्टि की है कि इरफान अंसारी पार्टी के महासचिव होने के साथ ही लालू के सेवादार भी है। लालू के टेलीफोन प्रकरण पर अभय सिंह ने कहा कि हम इस बारे में कुछ नहीं जानते और इस पर कुछ बोलेंगे भी नहीं।

अंसारी है बेहद करीबी, लालू को किडनी देने को हो गया था तैयार

राजद नेता और कथित सेवादार इरफान अंसारी, लालू प्रसाद का बेहद करीबी और विश्वासपात्र है। लालू को जब किडनी की बीमारी थी, इरफान किडनी डोनेट करने को तैयार हो गया था। उसने कहा था कि सिर्फ उसकी किडनी ही नहीं, अगर उसके परिवार के किसी भी सदस्य की किडनी मैच हो जाएगी तो वह उसका प्रत्यर्पण कराने को तैयार है। उसके परिवार में पत्नी और छह बच्चे हैं। उसने कहा था कि लालूजी से उसे बेटे की तरह प्यार मिला है।

आईजी ने जेल सुपरिटेंडेंट पर फोड़ा ठीकरा, बोले- उनकी है जिम्मेदारी

उधर, पूरे मामले पर जेल आईजी बीरेंद्र भूषण ने कहा कि यह जिम्मेदारी जेल सुपरिटेंडेंट की है कि कोई कैदी नियमों का उल्लंघन न करे। किसी भी सूरत में कैदी के पास मोबाइल नहीं पहुंच सकता है। एक बार शिकायत मिलने पर पेइंग वार्ड में छापेमारी भी की गई थी। तब लालू यादव के पास मोबाइल नहीं मिला था। अगर अभी वे मोबाइल से बात कर रहे हैं तो यह नियमों का उल्लंघन है। वहीं दैनिक भास्कर ने इस संबंध में जेल सुपरिटेंडेंट को तीन बार फोन किया लेकिन उन्होंने एक बार भी फोन नहीं उठाया।

राज्य सरकार को कार्रवाई करना चाहिए, वर्ना हम गृह मंत्रालय से आग्रह करेंगे: भाजपा

भाजपा ने कहा है कि राज्य सरकार को लालू प्रसाद पर करप्शन का केस दर्ज करना चाहिए। जिस सेवादार ने बात कराई, उसके मोबाइल की सीडीआर निकाली जानी चाहिए। उसने कब, कहां, किससे, कितनी देर बात कराई, इसकी जांच होनी चाहिए। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि हम कुछ दिनों की मोहलत दे रहे हैं, अगर राज्य सरकार ने जांच नहीं कराई तो पार्टी केंद्रीय गृह मंत्रालय से जांच का आग्रह करेगी।

विशेष परिस्थिति में ही बाहर निकल सकता है सेवादार

इरफान अंसारी बड़ी आसानी से रिम्स के डायरेक्टर बंगले से बाहर निकल जाता है। इस संबंध में झारखंड हाईकोर्ट के वकील अभय मिश्रा ने बताया कि जेल मैन्युअल के मुताबिक सेवादार को विशेष परिस्थिति में ही परिसर से बाहर निकलने की अनुमति है। किसी भी सूरत में सेवादार के पास मोबाइल नहीं होना चाहिए। कैदी जहां भी इलाज करा रहा होता है उसे जेल के सभी नियमों को पालन करना होता है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
चारा घोटाला मामले में सजा काट रहे लालू प्रसाद यादव को रहने के लिए हेमंत सरकार ने रिम्स डायरेक्टर का बंगला दिया है। यहां उन्हें सारी सुख-सुविधा मिली हुई है।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2JcRpKt

Comments