सिदगोड़ा में टाटा लीज की जमीन पर कब्जे को लेकर जेसीएम-भाजमो भिड़े, धारा 144 लगाई

सिदगोड़ा थाना अंतर्गत गैस गोदाम के पास टाटा लीज की जमीन कब्जे को लेकर जेसीएम (झारखंड छात्र मोर्चा) व भाजमो (भारतीय जनता मोर्चा) के नेताओं में गुरुवार को हंगामा हुआ। निर्माणाधीन बाउंड्री को भी तोड़ दिया। पुलिस भारी फोर्स के साथ पहुंची व दोनों पार्टियों के समर्थकों को समझाकर मामला शांत कराया। एसडीएम नीतीश कुमार ने यहां धारा 144 लगा दी है।

विवाद जेसीएम के कार्यालय को लेकर हुआ। भाजमो नेताओं का आरोप था कि जेसीएम ने सुरेश प्रसाद ठाकुर की जमीन पर रातों-रात कब्जा कर कार्यालय बना रहे हैं। जेसीएम नेताओं ने कहा- जमीन सुरेश की नहीं टाटा लीज की है। इधर, बवाल खत्म होने के बाद पुलिस ने जेसीएम के निर्माण कार्य को बंद करा दिया। जमीन पर बाउंड्री कर बनाए कमरे में ताला लगा चाबी अपने पास रख ली। कोर्ट के फैसले के बाद कमरे की चाबी देने की बात कही।

जमीन के हैं कागजात, दादा ने खरीदी थी: सुरेश

जमीन पर दावा जताने वाले सुरेश ने कहा- जमीन मेरे दादा की थी। वो बिहार पुलिस में थे। रिटायर होने के बाद यहीं रह रहे थे। हम यहां झोपड़ी बनाकर रहते थे। जमीन के कागजात, बिजली-पानी बिल के कागजात मेरे पास है। जबकि जेसीएम नेता के पास जमीन का कोई कागज नहीं है, वो कब्जाना चाहते हैं। बुधवार की रात जेसीएम के नेता आए। मुझे धमकाकर भगा दिया। रातों-रात जेसीबी से जमीन समतल कर बाउंड्री व कमरा बना लिया। इधर, जेसीएम नेताओं ने कहा - जमीन किसी की रैयती नहीं है। यह टिस्को लीज की है।

मामला कोर्ट में, कोई नहीं करेगा हस्तक्षेप

जमीन पर कब्जे को लेकर जेसीएम और एक व्यक्ति में विवाद है। जमीन से संबंधित रिपोर्ट 8 दिन पहले ही एसडीओ को सौंपी थी। कोर्ट में मामला चलने तक इस जमीन पर कोई भी पक्ष हस्तक्षेप नहीं करेगा।
-मनोज कुमार ठाकुर, थाना प्रभारी



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
JCM-BJP clashed over possession of Tata Lease land in Sidgowda, Section 144 imposed


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2RYQRt8

Comments