मैट्रिक में स्टेट टॉपर विद्यार्थियों को 1 लाख और इंटर के टॉपर को मिलेगी तीन लाख की प्रोत्साहन राशि

मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार वितरण तथा मैट्रिक (10 वीं) एवं इंटरमीडिएट (12 वीं) के विभिन्न बोर्ड के स्टेट टॉपर्स को सम्मानित करने के लिए समारोह का आयोजन होगा। समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि होंगे। स्वच्छता प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 119 विद्यालयों को सीएम पुरस्कृत करेंगे।

इसी मौके पर सीएम झारखंड इंटरमीडिएट काउंसिल (जैक), केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) और आईसीएसई बोर्ड के मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा -2020 में राज्य स्तर पर पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित करेंगे। समारोह की तिथि की घोषणा अलग से होगी।

इस समारोह में उपरोक्त तीनों बोर्ड के मैट्रिक और इंटरमीडिएट के सभी संकायों के राज्य स्तरीय टॉपर्स को प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके तहत मैट्रिक में पहला स्थान हासिल करने वाले को एक लाख, दूसरा स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थी को 75 हजार और तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 50 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि के रूप में दिए जाएंगे।

वहीं, इंटरमीडिएट के विज्ञान, वाणिज्य और कला संकाय में पहला स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थी को तीन लाख, दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले को दो लाख और तीसरा स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थी को एक लाख रुपए बतौर प्रोत्साहन राशि मुख्यमंत्री प्रदान कर सम्मानित करेंगे। 119 विद्यालयों को मिलेगा स्वच्छता पुरस्कार : स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार योजना के लिए आयोजित ऑनलाइन प्रतियोगिता में राज्यभर के शहरी और ग्रामीण इलाकों में अवस्थित 44,441 विद्यालयों ने भाग लिया था।

स्वच्छता के पांच मानकों के आधार पर इन सभी विद्यालयों का आकलन कर ग्रेडिंग की गई थी। इन मानकों में पेयजल व्यवस्था, शौचालय, हैंडवॉश, ऑपरेशन एंड मेंटनेंस और बिहेवियरल चेंज एंड कैपेसिटी बिल्डिंग शामिल हैं। इन मानकों के आधार पर 119 स्कूलों को पुरस्कृत किया जाएगा। विद्यालयों को भी पांच श्रेणियों में विभक्त कर स्टार ग्रेडिंग की गई।

इसमें 90 से 100 प्रतिशत प्राप्तांक प्राप्त करने वाले विद्यालयों को पांच स्टार, 75 से 89 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यालयों को चार स्टार, 51 से 74 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले विद्यालयों को तीन स्टार, 35 से 50 प्रतिशत तक अंक वाले विद्यालयों को दो स्टार और 35 प्रतिशत से कम प्राप्तांक प्राप्त करने वाले विद्यालयों को एक स्टार प्रदान किया गया।

किस बोर्ड के कितने टॉपर्स को मिलेगी प्रोत्साहन राशि

समारोह में कुल 59 टॉपर्स को प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। इसमें झारखंड एकेडमिक काउंसिल के मैट्रिक के 6 तथा इंटरमीडिएट के 12 टॉपर्स, सीबीएसई बोर्ड के मैट्रिक के 7 और इंटरमीडिएट के 14 टॉपर्स और आईसीएसई बोर्ड के मैट्रिक के 8 तथा इंटरमीडिएट के 12 टॉपर्स शामिल हैं। समारोह का आयोजन स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा किया जाएगा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
State topper students will get 1 lakh in matriculation and three lakh incentive amount for Inter topper


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2V57Ew5

Comments