परिवार को बचाने के लिए घर से बाहर निकला व्यक्ति, हाथियों ने पटक कर ली जान; दो घरों को भी किया क्षतिग्रस्त

जंगली हाथियों के झुंड ने एक बार फिर केरेडारी के पताल पंचायत स्थित ग्राम बुचाडीह के हुदुबेड़ा टोला में जमकर उत्पात मचाया। यहां हाथियों ने 50 साल के जंगला मुंडा को पटक कर मार डाला। हाथियों के गांव में घुसने की सूचना पर जंगला मुंडा अपने परिवार को सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए घर से बाहर निकला था। इसी बीच हाथियों ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
वहीं, हाथियों ने सहदेव मुंडा व वीरसिंह मुंडा का घर क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथियों ने बंधन करमाली की फसल रौंद डाली। घटना रविवार की देर रात की है। हाथियों के इस उत्पात के बाद से ग्रामीण दहशत में हैं। सूचना पर केरेडारी सीओ अरुण कुमार तिर्की, एसीएफ सह बड़कागांव रेंजर उदयचंद्र झा, थाना प्रभारी अमित कुमार द्विवेदी सोमवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतक की पत्नी मंगरी उर्फ रानी देवी को तत्काल मुआवजा के तौर पर 20 हजार रुपए नकद भुगतान किया। बाकी 3 लाख 80 हजार रुपए कानूनी प्रक्रिया के बाद जल्द देने की बात कही गई।
बुचाडीह में बीती रात हुई घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि वन विभाग के लोग हाथियों को भगा रहे थे। इसी बीच जंगला मुंडा अपने परिजनों को सुरक्षित स्थान पर ले जाना चाह रहा था। लेकिन वह जैसे ही घर से निकला एक हाथी पीछे से आकर उसे अपनी चपेट में ले लिया। झुंड में 25 की संख्या में हाथी मौजूद है। इसमें 7 बच्चे भी शामिल है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3i2aVGZ
Comments
Post a Comment